DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

बलरामपुर युवक थाईलैंड में धोखाधड़ी का शिकार, सुरक्षित लौटा:नौकरी के बहाने साइबर स्लेवरी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

बलरामपुर-तुलसीपुर के नया बाजार निवासी 28 वर्षीय शोएब अहमद के साथ विदेशी नौकरी के नाम पर गंभीर धोखाधड़ी और जबरन साइबर स्लेवरी का मामला सामने आया है।शोएब को थाईलैंड ले जाकर लाओस में बेच दिया गया था,लेकिन वह भारतीय दूतावास की मदद से सुरक्षित भारत लौट आया है। पुलिस को दी गई तहरीर में शोएब ने बताया कि वर्ष 2023 में वह मुंबई में एक आइसक्रीम पार्लर में काम कर रहा था।बेहतर वेतन की तलाश में उसने विदेश में नौकरी करने की योजना बनाई।इसी दौरान उसकी मुलाकात जावेद नामक व्यक्ति से हुई,जिसने उसे फैजान से मिलवाया। फैजान ने अपने यूट्यूब चैनल @Fairavlog350 पर थाईलैंड में डाटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी का विज्ञापन दिया था।फैजान और जावेद ने शोएब से 60,000 रुपये और उसके दस्तावेज लेकर उसे राम प्रवेश सिंह के माध्यम से थाईलैंड भेजा। थाईलैंड पहुंचने के बाद शोएब को एक होटल में रुकवाया गया और फिर अवैध तरीके से लाओस ले जाया गया।लाओस में राम प्रवेश सिंह ने उसे 2,50,000 रुपये में एक’स्कैम कंपाउंड’में बेच दिया। शोएब ने बताया कि इस कंपाउंड में उसे जबरन साइबर धोखाधड़ी(साइबर फ्रॉड)का काम कराया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, मोबाइल,पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज छीन लिए गए।उसे कई दिनों तक भूखा रखा गया और काम न करने पर कमरे में बंद कर दिया जाता था। किसी तरह शोएब भारतीय दूतावास से संपर्क करने में सफल रहा।दूतावास की मदद से वह सुरक्षित भारत लौट पाया।शोएब ने आरोप लगाया है कि फैजान,जावेद और राम प्रवेश सिंह ने मिलकर उसे धोखे में रखा और उसका शोषण किया। तुलसीपुर पुलिस ने शोएब की तहरीर पर फैजान, जावेद और राम प्रवेश सिंह के खिलाफ साइबर स्लेवरी,धोखाधड़ी और जबरन वसूली की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। शोएब ने पुलिस से दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का आग्रह किया है,ताकि भविष्य में कोई अन्य युवक इस तरह की ठगी और शोषण का शिकार न हो।पुलिस ने आम जनता को भी विदेशी नौकरी के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति पर विश्वास न करने और सतर्क रहने की चेतावनी दी है।


https://ift.tt/cQ5jCok

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *