DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

फिरोजाबाद में ‘घूसखोर पंडित’ वेबसीरीज पर विवाद:ब्राह्मण महासभा ने निर्माता-निर्देशक का पुतला फूंका, प्रदर्शन किया

फिरोजाबाद में ‘घूसखोर पंडित’ वेबसीरीज को लेकर सियासी और सामाजिक माहौल गरमा गया है। ब्राह्मण समाज को अपमानित करने के आरोप में शनिवार को ब्राह्मण महासभा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कोटला चुंगी चौराहे पर सैकड़ों की संख्या में एकत्रित ब्राह्मण समाज के लोगों ने वेबसीरीज के फिल्म निर्माता-निर्देशक का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व ब्राह्मण महासभा महानगर अध्यक्ष प्रदीप शर्मा उर्फ गुड्डा पहलवान ने किया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में पुतला और तख्तियां थीं, जिन पर वेबसीरीज के खिलाफ ‘ब्राह्मण समाज का अपमान बंद करो’ और ‘संकीर्ण मानसिकता नहीं चलेगी’ जैसे नारे लिखे थे। ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि हाल के वर्षों में योजनाबद्ध तरीके से ब्राह्मण समाज को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। महासभा का कहना है कि यूजीसी जैसे मुद्दों पर भी ब्राह्मणों और सवर्ण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, लेकिन जिम्मेदार संस्थाएं और प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। महासभा ने कहा कि ‘घूसखोर पंडित’ जैसे शीर्षक की वेबसीरीज बनाकर निर्माताओं ने अपनी संकीर्ण और भेदभावपूर्ण मानसिकता का परिचय दिया है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महानगर अध्यक्ष प्रदीप शर्मा उर्फ गुड्डा पहलवान ने चेतावनी दी कि यदि इस वेबसीरीज पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो ब्राह्मण महासभा सड़कों पर उतरकर और भी उग्र आंदोलन करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभागों की होगी। उन्होंने मांग की कि वेबसीरीज के कंटेंट की निष्पक्ष जांच कराई जाए, समाज विशेष को बदनाम करने वाले दृश्य और संवाद हटाए जाएं तथा निर्माता-निर्देशक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। विरोध शांतिपूर्ण रहा, लेकिन प्रदर्शनकारियों के तेवर तीखे दिखाई दिए। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है। फिलहाल, ‘घूसखोर पंडित’ वेबसीरीज को लेकर उठा यह विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है और मांगें न माने जाने पर आंदोलन तेज होने की संभावना है।


https://ift.tt/mauDWGv

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *