बाराबंकी में तालाब में डूबने से किशोर की मौत:भैंस चराने गया था, नहाते समय हुआ हादसा; अस्पताल ले जाते वक्त रेलवे क्रॉसिंग पर देरी

बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। मढ़ना मजरे बलिदान पुरवा में 14 वर्षीय विकास यादव पुत्र भाई लाल की तालाब में डूबने से मौत हो गई। सुबह करीब 10 बजे विकास भैंस चराने निकला था। तालाब में नहाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास खेल रहे बच्चों ने मदद के लिए आवाज लगाई। प्रमोद, रामनिवास और राममिलन समेत कई ग्रामीणों ने तालाब में 15 मिनट तक खोजबीन की। विकास को बाहर निकालकर पहले गणेशपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने इलाज से मना कर दिया। फिर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले गए। रास्ते में रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से देरी हुई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। सब इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह के नेतृत्व में रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर