सीतापुर के थानगांव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक तालाब में युवक का शव उतराता हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शव की पहचान 3 फरवरी से लापता 20 वर्षीय मनीष कश्यप पुत्र नरेश कश्यप के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और रोते-बिलखते नजर आए। परिजनों ने बताया कि मनीष कश्यप 3 फरवरी की शाम एक नव निर्मित पुलिया के पास से अचानक गायब हो गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि हत्या को छिपाने के लिए शव को रात के अंधेरे में तालाब में फेंका होना प्रतीत होता है। शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका और गहरी हो गई है। मृतक के नाक से रक्तस्राव होने के साथ-साथ शरीर पर चोट के कई निशान भी पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि युवक के साथ मारपीट की गई थी। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है। थानगांव थानाध्यक्ष विमल गौतम ने बताया कि सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस लापता युवक की तलाश कर रही थी। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है
https://ift.tt/lm5Y8Ls
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply