जालौन में आमजन के विधिक सशक्तिकरण और समाज के निर्बल वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रचार वाहन को प्रशासनिक न्यायमूर्ति सौरभ श्रीवास्तव जी एवं जनपद न्यायाधीश विरजेंद्र कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से रवाना किया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शांभवी प्रथम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के निर्बल एवं वंचित वर्गों दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन परिवार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना है। प्रचार वाहन के माध्यम से जनपद के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर से जुड़ी जानकारियां पहुंचाई जाएंगी, जिससे अधिक से अधिक लोग शिविर में भाग लेकर लाभान्वित हो सकें। शिविर में महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, निर्धन बीमा योजनाएं, असंगठित श्रम विभाग की योजनाएं, जल संरक्षण से जुड़ी योजनाएं सहित कई लोकोपयोगी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही आम नागरिकों की विधिक समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा। शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय की ओर से दंत, नेत्र एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच हेतु विशेष मेडिकल कैम्प भी लगाया जाएगा, जिससे विधिक सहायता के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ संस्थागत रूप से प्रदान किया जाएगा। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों का वितरण, विभिन्न विभागों एवं बैंकों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी एवं आवेदन की सुविधा भी शिविर में उपलब्ध रहेगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक लोग संबंधित विभाग में आवेदन शिविर से पूर्व या शिविर के दिन भी प्रस्तुत कर सकते हैं। पूर्व में आवेदन कर चुके लोग आवेदन की रसीद, पहचान पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज अवश्य साथ लाएं, ताकि पात्रता के आधार पर उन्हें त्वरित लाभ प्रदान किया जा सके।
https://ift.tt/g6CUlW4
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply