सिद्धार्थनगर में माधव प्रसाद तिवारी मेडिकल कॉलेज के एनुअल फंक्शन के दौरान शुरू हुआ विवाद अब गंभीर हिंसा और कानून-व्यवस्था के सवाल में बदलता नजर आ रहा है। शुक्रवार को मुख्यालय स्थित श्री धनलक्ष्मी ज्वैलरी शॉप पर मेडिकल कॉलेज के छात्रों द्वारा किए गए हंगामे और मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया है। वीडियो में छात्रों द्वारा एक व्यक्ति को बेरहमी से पीटते हुए साफ देखा जा सकता है, वहीं एक महिला पीड़ित को बचाने के लिए बीच में हस्तक्षेप करती नजर आ रही है। ज्वैलरी शॉप के मालिक पंकज वर्मा ने बताया कि 29 जनवरी को मेडिकल कॉलेज में आयोजित एनुअल फंक्शन में उन्होंने प्रायोजक के तौर पर अपनी दुकान की स्टॉल लगाई थी। स्टॉल पर उनके दो कर्मचारी भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान सीट को लेकर मेडिकल छात्रों से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पंकज वर्मा के अनुसार, उस समय कॉलेज से जुड़े एक डॉक्टर द्वारा छात्रों को उकसाया गया, जिसके बाद कर्मचारियों की पिटाई हुई थी। शुक्रवार को दोबारा हमला
पंकज वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को उसी विवाद की कड़ी में कुछ मेडिकल छात्रों ने उनकी ज्वैलरी शॉप पर हमला किया। छात्रों ने कर्मचारियों से बदसलूकी शुरू की। विरोध करने पर उन्होंने अपने अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया। थोड़ी ही देर में दर्जनों छात्र दुकान पर जमा हो गए और जमकर हंगामा करने लगे। आरोप है कि छात्रों ने दुकान में घुसने की कोशिश की और मेन गेट तोड़ने का प्रयास किया। दुकान मालिक पर भी अभद्रता और मारपीट
दुकान मालिक ने बताया कि जब उन्होंने छात्रों को समझाने की कोशिश की, तो उनके साथ भी अभद्रता की गई और मारपीट करते हुए जान से मारने की कोशिश की गई। इस दौरान बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदार दहशत में आ गए। वीडियो में कैद हुई हिंसा
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि कुछ छात्र एक व्यक्ति को घेरकर लात-घूंसे मार रहे हैं, जबकि एक महिला पीड़ित को बचाने का प्रयास कर रही है। पुलिस जांच और सबूत
पीड़ित पक्ष ने वीडियो फुटेज को सबूत के तौर पर पुलिस को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज सहित सभी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों में गहरा आक्रोश
स्थानीय व्यापारियों और सर्राफा व्यवसायियों ने घटना को लेकर गहरा रोष जताया है। उनका कहना है कि यदि दिनदहाड़े बाजार में इस तरह गुंडई की जाएगी तो व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामला चर्चा का विषय
फिलहाल यह मामला मेडिकल कॉलेज प्रशासन, पुलिस और स्थानीय व्यापारियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद अब सबकी नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।
https://ift.tt/jZdJR4F
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply