DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

हरदोई में पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर गिरफ्तार:पैर में लगी गोली, आरोपी पर 8 से ज्यादा मुकदमे, आरक्षी भी घायल

हरदोई जिले की सवायजपुर पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद एक शातिर पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगी है, जबकि पुलिस टीम का एक आरक्षी भी घायल हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शाहजहाँपुर निवासी अनीस के रूप में हुई है। यह घटना 3 फरवरी को सवायजपुर थाना क्षेत्र के पदमलापुर निवासी मुकेश और सूरज की भैंसें चोरी होने के बाद सामने आई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध तस्कर शाहजहाँपुर से सवायजपुर की ओर आ रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रुकने का इशारा किया। इस पर अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में अनीस घायल हो गया। मुठभेड़ में एक पुलिस आरक्षी को भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से ₹4200 नकद, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और अवैध हथियार (एक तमंचा व कारतूस) बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, अनीस एक शातिर अपराधी है जो दिन में रेकी कर रात में पशु चोरी करता था। उस पर बरेली और शाहजहाँपुर के विभिन्न थानों में गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत 8 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


https://ift.tt/SsQqKa8

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *