DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

गोताखोर की मौत, किसान को बचाने में गई जान:परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम की, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

सरयू नदी में किसान की तलाश के दौरान जान गंवाने वाले गोताखोर सुरेंद्र साहनी के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद आज गौरा स्थित उनके घर पहुंचने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर बरहज–गौरा मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र साहनी की गुरुवार को सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई थी। वह परसिया देवार निवासी धरमू प्रसाद नामक किसान की तलाश में एसडीआरएफ की टीम के साथ गोताखोरी कर रहे थे। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस सुरेंद्र को जबरन घर से ले गई थी और डूबने की सूचना समय पर नहीं दी गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने सुरेंद्र की मौत की जानकारी छिपाने की कोशिश की थी। शव घर पहुंचने पर परिजन और ग्रामीण उसे गौरा पुलिस चौकी के सामने रखने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने मोहन सेतु मोड़ पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष दिनेश मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। शव हटाने के दौरान पुलिस और परिजनों के बीच मामूली धक्का-मुक्की भी हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी विपिन कुमार द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी राजेश चतुर्वेदी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासन ने सुरेंद्र को जबरन ले जाने के आरोपों को सिरे से खारिज किया। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि तलाशी अभियान में एसडीआरएफ की टीम लगी थी, ऐसे में किसी को जबरन ले जाने का सवाल ही नहीं उठता। एसडीएम ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मृतक की पत्नी को नगर पंचायत में आउटसोर्सिंग के तहत नौकरी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, बच्चों का नामांकन वाल्मीकि शिक्षा योजना में कराया जाएगा और शासन की दुर्घटना हितलाभ योजना का लाभ भी दिलाया जाएगा। हालांकि, प्रशासन के आश्वासन के बावजूद परिजन दोषियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।


https://ift.tt/a4UdpOX

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *