DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

ट्राला की टक्कर से बाइक सवार किशोरी की मौत:मौसेरा भाई-भाभी घायल; शादी में शामिल होने जा रही थी किशोरी

सजेती थाना क्षेत्र के बरीपाल के पास शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार किशोरी की मौत हो गई। इस घटना में उसका मौसेरा भाई और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया और पुलिस को शव उठाने से रोका। हादसा शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे हुआ। गाटर लादकर जा रहा एक ट्राला टोल टैक्स बचाने के लिए अंदरूनी रास्ते से गुजर रहा था। बरीपाल से आगे पड़री गांव के पास ट्राले ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर में बाइक पर पीछे बैठी 16 वर्षीय राजा की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा उसका मौसेरा भाई प्रियांशु (25) और उसकी पत्नी पूनम (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका राजा कानपुर देहात के पुखरायां स्थित कल्ला गांव निवासी राजेश सचान की बेटी थी। वह अपनी ननिहाल सिधौल आई हुई थी और घाटमपुर में अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने जा रही थी। प्रियांशु कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र के मुंडेरा गांव का निवासी है। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से पूनम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि टोल टैक्स बचाने के लिए भारी वाहन चालक पुलिस की मिलीभगत से अनूपुर होते हुए परास मार्ग से गुजरते हैं, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है और आए दिन हादसे होते हैं। ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अनुज भारती मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद लिंक रोड पर यातायात बहाल हो सका।


https://ift.tt/znTIBkA

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *