उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र के खेसुवा गांव में जमीन पर अवैध कब्जे का विरोध करने पर एक बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित बुजुर्ग की पहचान रामगणेश के रूप में हुई है। आरोप है कि जब रामगणेश अपनी जमीन पर पहुंचे, तो कुछ लोग उस पर कब्जा करने की कोशिश करने लगे। बुजुर्ग के विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बुजुर्ग को चारों ओर से घेरकर पीटा जा रहा है। मौके पर मौजूद कुछ महिलाएं भी मारपीट में शामिल थीं। हमले के दौरान बुजुर्ग जमीन पर गिर गए, लेकिन आरोपियों ने उन पर लाठियां बरसाना जारी रखा। मारपीट के बाद घायल रामगणेश ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी लंबे समय से उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं और पहले भी कई बार धमकी दे चुके हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी जान को भी खतरा हो सकता है। इस मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है और सोशल मीडिया पर लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बिहार थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि यह प्रकरण अभी उनके संज्ञान में नहीं है। थाना प्रभारी ने कहा कि वायरल वीडियो और तहरीर की जानकारी मिलते ही मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
https://ift.tt/57ViWYE
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply