DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

IPS चारू निगम का एक्शन मोड:सुल्तानपुर SP का चार्ज लेते ही पहले दिन ही सड़कों पर उतरी, सुरक्षा का जायजा लिया

सुल्तानपुर की नई पुलिस अधीक्षक (SP) चारू निगम शुक्रवार को कार्यभार संभालने के बाद पहले दिन ही एक्शन मोड में दिखी। सुबह चार्ज संभाला, शाम को पुलिस लाइन में परेड की सलामी लिया और फिर रात को शहर की सड़कों पर पैदल गश्त की। उन्होंने कोतवाली नगर क्षेत्र के चौक इलाके में थाना प्रभारी और पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्त के दौरान एसपी ने आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सतर्क रहने और संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। चारू निगम ने पैदल गश्त के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की स्थिति और सुरक्षा के लिए किए गए प्रबंधों का भी गहन निरीक्षण किया। इस दौरान आम नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और सहयोग का आश्वासन दिया। इससे पहले शुक्रवार शाम को एसपी चारू निगम ने पुलिस लाइन्स स्थित परेड ग्राउंड में शुक्रवार परेड की सलामी ली। इसका उद्देश्य कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना और पुलिस बल में अनुशासन व शारीरिक दक्षता बढ़ाना था। उन्होंने परेड का बारीकी से निरीक्षण किया, जिसमें पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट और शस्त्रों के रख-रखाव की जांच की गई। एसपी ने अनुशासन को सर्वोपरि बताते हुए टोलीवार ड्रिल का अवलोकन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही, कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परेड के उपरांत, एसपी ने पुलिस लाइन्स परिसर स्थित विभिन्न महत्वपूर्ण इकाइयों का भी भ्रमण और निरीक्षण किया। उन्होंने रिस्पॉन्स टाइम बेहतर करने और घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन (फोरेंसिक एविडेंस) हेतु फील्ड यूनिट को अत्याधुनिक उपकरणों के साथ सदैव तत्पर रहने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मानव तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जवानों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए, एसपी ने मैस में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया।


https://ift.tt/27tj48B

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *