‘नगर की सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत गुरुवार सुबह महापौर गिरीश पति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने अमानीगंज वार्ड का भ्रमण किया। इस दौरान होलिका दहन स्थल पर पार्क विकसित करने, बच्चों के लिए झूला और स्लाइड लगवाने तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर (बाबा साहब) की प्रतिमा स्थापित करने पर सहमति बनी। सुबह करीब पौने आठ बजे महापौर और नगर आयुक्त बहादुरगंज स्थित पीपल के पेड़ के पास पहुंचे, जहां पार्षद प्रतिनिधि सुनील यादव और स्थानीय नागरिकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की मांग रखी। महापौर ने इस पर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ को डूडा से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सेवानिवृत्त कैप्टन डीके उपाध्याय ने निर्माणाधीन साहबगंज नाले से छोटी नालियों को जोड़ने की मांग उठाई। इस पर महापौर ने आर्यावर्त अकादमी के पास जाकर स्थिति का जायजा लिया और सहायक अभियंता राजपति यादव को अयोध्या विकास प्राधिकरण से संपर्क कर नालियों को मुख्य नाले से जोड़ने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गंदगी पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई कराने को कहा गया। जलभराव पर महापौर ने जताई कड़ी नाराजगी
वृद्धा ज्ञानमती ने पेंशन की मांग रखी, वहीं कई स्थानों पर गंदगी और गोबर पाए जाने पर उसे तत्काल हटवाने के निर्देश दिए गए। महापौर ने क्रॉसिंग और नालियों पर क्षतिग्रस्त पटिया बदलवाने का भरोसा दिलाया। परिक्रमा मार्ग पर नाला निर्माण के चलते घरों के सामने हो रहे जलभराव पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। वहीं पठान टोलिया के पास टेढ़े खड़े बिजली के खंभे को बदलवाने के निर्देश नगर आयुक्त ने संबंधित विभाग को दिए। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि पार्षद सुमन यादव के आग्रह पर होलिका दहन स्थल पर छोटे पार्क विकसित किए जाएंगे। पठान टोलिया निवासी आराध्या गौतम ने पेयजल समस्या उठाई, जिस पर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। वार्ड में बंद पड़े शौचालयों के मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, जलकर महाप्रबंधक सौरव श्रीवास्तव, सहायक अभियंता राजपति यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। जांच में शुद्ध पाया गया पेयजल
भ्रमण के दौरान महापौर ने घर-घर हो रही पेयजल आपूर्ति की जांच कराई। जांच में पानी का टीडीएस 450 पाया गया, जबकि अवशेष क्लोरीन भी मानक के अनुरूप मिला। जलजनित रोगों की रोकथाम को लेकर नगर आयुक्त ने संतोष जताया। साथ ही क्षेत्र में मच्छर नियंत्रण के लिए फॉगिंग कार्य भी जारी रहा।
https://ift.tt/CpQ3wmb
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply