आगरा के थाना कोतवाली क्षेत्र के किनारी बाजार में ग्राहक बनकर आए दो चोरों ने एक सराफ की दुकान से करीब 15 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी कर ली। चोरों ने दुकानदार के पिता और कर्मचारी को अलग-अलग तरीकों से बातों में उलझाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना का खुलासा सीसीटीवी फुटेज से हुआ। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की है।
कमला नगर निवासी सक्षम जैन की किनारी बाजार में अरिहंत ऑर्नामेंट्स नाम से सोने की दुकान है, जहां वह होलसेल का कारोबार करते हैं। सक्षम ने बताया कि 31 जनवरी को वह पत्नी को अस्पताल दिखाने गए थे। शाम करीब 4:30 बजे दुकान पर उनके पिता मनीष जैन मौजूद थे। इसी दौरान बाइक से दो युवक दुकान के बाहर पहुंचे। एक युवक बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा अंदर आकर सोने की चेन देखने लगा।
आरोपी ने चेन का वजन और क्वालिटी पूछते हुए मनीष जैन को बातों में उलझाए रखा। इसी बीच बाहर खड़ा उसका साथी दुकान के गेट पर आकर कर्मचारी से किसी दुकान का पता पूछने लगा, जिससे कर्मचारी भी व्यस्त हो गया। मौका पाकर अंदर मौजूद युवक ने चेन की एक पुड़िया अपनी अंगुलियों में छिपाकर जेब में रख ली और कुछ देर बाद वहां से चला गया।
रात में दुकान बंद करते समय जब जेवरों का वजन किया गया तो एक चेन कम पाई गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी की पुष्टि हुई। सराफ के अनुसार चोरी गई चेन का वजन 80 ग्राम से अधिक है।
थाने के चक्कर, फिर दर्ज हुई एफआईआर
सक्षम जैन का आरोप है कि घटना की जानकारी उन्होंने उसी दिन थाना कोतवाली को दे दी थी, लेकिन पुलिस ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। दो दिन तक थाने के चक्कर काटने के बाद भी केवल जांच का आश्वासन मिलता रहा। इसके बाद 3 फरवरी को वह डीसीपी सिटी कार्यालय पहुंचे। डीसीपी सैयद अली अब्बास ने थाना प्रभारी को फोन कर निर्देश दिए, फिर भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। आखिरकार 5 फरवरी को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
https://ift.tt/Vc8UTx2
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply