संभल के जवाहर नवोदय विद्यालय में सत्र 2026 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं की प्रवेश परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह परीक्षा कल आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 446 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जनपद संभल की गुन्नौर तहसील के रसूलपुर गांव स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में यह प्रवेश परीक्षा होगी। कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए 343 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है, जबकि कक्षा 11वीं के लिए 103 छात्रों ने फॉर्म भरे हैं। प्रवेश परीक्षा का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय परिसर में ही किया जाएगा। जवाहर नवोदय विद्यालय परिषद के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल-मुक्त बनाने के उद्देश्य से सभी कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनके माध्यम से परीक्षा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में लगभग 20-20 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रशासन ने जनपद के संबंधित अधिकारियों को भी सूचित किया है। प्रशासनिक स्तर पर समन्वय स्थापित कर परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी है। परीक्षा प्रभारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि 9वीं कक्षा के लिए 15 और 11वीं कक्षा के लिए पांच कमरे आवंटित किए गए हैं। परीक्षा का संचालन विद्यालय के ही स्टाफ द्वारा किया जाएगा। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को अलीगढ़ सेंटर भेजा जाएगा, जहां पांच जिलों के लिए मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है।
https://ift.tt/iaU7uby
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply