उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने जौनपुर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार पलटवार किया। उन्होंने एसआईआर को लेकर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि पीडीए वर्ग के वोट काटे जाने की बात पूरी तरह भ्रामक है। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि भाजपा और एनडीए में स्वयं वे, केशव प्रसाद मौर्य, अनुप्रिया पटेल और संजय चौहान जैसे नेता पीडीए वर्ग से आते हैं, लेकिन उनके वोट नहीं कट रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव जनता को गुमराह कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता ही बूथ स्तर पर नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का काम कर रहे हैं। मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने स्पष्ट किया कि एसआईआर की प्रक्रिया सरकार नहीं, बल्कि भारत निर्वाचन आयोग के अधीन है। चुनाव आयोग पूरी निष्पक्षता से कार्य कर रहा है और समयसीमा भी बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि आयोग ने साफ किया है कि किसी भी मतदाता का नाम उसकी सहमति के बिना नहीं काटा जाएगा। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्हें चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है, तो उन्हें अपने सांसद और विधायक पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि वे भी इसी चुनाव आयोग की प्रक्रिया से चुनकर आए हैं। 2027 चुनाव को लेकर बड़ी तैयारी का ऐलान
राजभर ने बताया कि 22 फरवरी को आजमगढ़ के अहिरौला क्षेत्र में 50 बीघा भूमि पर एक विशाल जनसभा आयोजित कर 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका जाएगा, जिसमें करीब एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पार्टी 2027 में 62 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और बूथ, सेक्टर व विधानसभा स्तर तक संगठन को मजबूत किया जा चुका है। भाजपा एक बड़ा गठबंधन है और आपसी सहमति से सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा। पंचायत चुनाव समय पर होंगे
पंचायत चुनावों को लेकर फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए मंत्री ने कहा कि चुनाव समय पर कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग मतपत्र छपवाकर सभी जिलों में भेज चुका है। मतदाता सूची से जुड़ी आपत्तियों का निस्तारण हो चुका है और 28 फरवरी को अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। सपा और विपक्ष पर तीखे तंज
राजभर ने सपा नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव की 2027 में स्थिति 2017 से भी खराब होगी। उन्होंने जफराबाद के विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के सिंबल से चुनाव जीतकर दूसरी पार्टी के झंडे के साथ घूमना जनता के साथ धोखा है। उन्होंने राहुल गांधी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि विदेश जाकर भारत को कटघरे में खड़ा करना गलत है। विपक्ष को आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर संसद में विकास के मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। शंकराचार्य के बयान पर प्रतिक्रिया
शंकराचार्य के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि संतों का काम समाज में सद्भाव बनाए रखना है, न कि राजनीति करना या प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ बयान देना। कानून-व्यवस्था पर सरकार का पक्ष
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए है। यदि अपराधी गोली चलाएगा तो पुलिस केवल फूल नहीं बरसाएगी। कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने सुहेलदेव समाज और संगठन के विस्तार की बात भी कही और कहा कि सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि किसी आपात स्थिति में वे पीड़ितों की मदद कर सकें।
https://ift.tt/VcZiKQh
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply