मथुरा में पुलिस विभाग में तैनात फॉलोवर अशोक कुमार का इलाज के दौरान निधन हो गया। आगरा ले जाते समय एंबुलेंस में उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना से विभाग और परिजनों में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, यमुनापार क्षेत्र के ईसापुर निवासी अशोक कुमार पुलिस विभाग में फॉलोवर के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे और तलाक के बाद अकेले रह रहे थे। परिजनों के मुताबिक, अशोक कुमार का पहले आगरा में लंबे समय तक उपचार चला था। हालत में सुधार होने पर वे घर लौट आए थे, लेकिन कुछ दिन पहले उनकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई। गंभीर हालत में परिजन उन्हें मथुरा के जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया। परिजनों द्वारा एंबुलेंस से आगरा ले जाते समय टैंक चौराहे के पास उनकी तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई। एंबुलेंस कर्मियों ने तुरंत वाहन को वापस जिला अस्पताल मोड़ा। अस्पताल पहुंचने पर इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने जांच की, लेकिन तब तक अशोक कुमार का निधन हो चुका था। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अशोक कुमार की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अशोक कुमार अपने व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा के लिए विभाग में जाने जाते थे।
https://ift.tt/1QtIqve
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply