DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

भदोही में संयुक्त किसान मोर्चा ने किया पुतला दहन:भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में पीएम मोदी और ट्रंप का पुतला फूंका

भदोही। संयुक्त किसान मोर्चा के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को संयुक्त किसान मोर्चा भदोही ने भानुपुर मोढ़ में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय बजट-2026 की प्रतियां जलाई गईं और भारत-अमेरिका के बीच हुए नए व्यापार समझौते के विरोध में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की गई। सीपीआईएम के पूर्व जिला सचिव जगन्नाथ मौर्य ने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट शक्ति और संसाधनों को कुछ हाथों में केंद्रित करने का एक उपकरण मात्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब देश की जनता गिरती आय, भयंकर बेरोजगारी और आर्थिक अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है, तब सरकार ने सार्वजनिक खर्च बढ़ाने या मांग पैदा करने का कोई गंभीर प्रयास नहीं किया। मौर्य ने यह भी कहा कि बजट में स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मौलिक क्षेत्रों की उपेक्षा की गई है। किसानों और श्रमिकों के लिए कोई जगह नहीं दी गई, जिससे अमीर और अमीर तथा गरीब और गरीब हो जाएंगे। उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच हालिया व्यापार समझौते का संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा विरोध करने की बात दोहराई। श्री मौर्य ने बताया कि यह समझौता अमेरिकी कृषि उत्पादों जैसे गेहूं, मक्का और डेयरी उत्पादों को भारत में शुल्क-मुक्त प्रवेश की अनुमति देगा। इससे भारतीय किसानों को भारी नुकसान होगा और उनका उत्पादन बर्बाद हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप के दबाव में आकर भारतीय बाजारों को खोल दिया है और अमेरिकी उत्पादों पर 0 प्रतिशत आयात शुल्क की अनुमति दी है। मौर्य के अनुसार, यह समझौता दर्शाता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह समझौता भारत को रियायती रूसी तेल खरीदने से रोकेगा और अमेरिका से अधिक तेल खरीदने के लिए मजबूर करेगा। वहीं, उत्तर प्रदेश किसान सभा के जिला सचिव ज्ञान प्रकाश प्रजापति ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी, किसान विरोधी व मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष लगातार जारी रहेगा। इस कार्यक्रम में सीपीआईएम के जिला सचिव भानसिंह मौर्य, भुलाल पाल, प्रमिला देवी, वंशराज गौतम, जयदेवी, लालमनि, सुनील विश्वकर्मा, सुनीता देवी, पूजा देवी, पूनम व शीला सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पप्पू विश्वकर्मा ने की और संचालन फारवर्ड ब्लॉक के जिला महासचिव रामजीत यादव ने किया।


https://ift.tt/WsA6jIY

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *