मैनपुरी के करहल तहसील क्षेत्र से दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम नगला फकीरे, मौजा उरधान निवासी बुजुर्ग किसान उदल सिंह ने गांव के ही कुछ लोगों पर अपनी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उदल सिंह के अनुसार, उन्होंने और उनके सगे भाई लाखन सिंह ने गांव के बुधू और मोजी पुत्रगण मेकू की जीवनभर सेवा की थी। इसके एवज में बुधू और मोजी ने अपनी कृषि भूमि (गाटा संख्या 2001, 2007, 2010 और 1425) में दोनों भाइयों को विरासत में अधिकार दिया था। पीड़ित का आरोप है कि लाखन सिंह ने जीवित रहते हुए कुछ सरकारी अधिकारियों से मिलीभगत कर फर्जी बंटवारा कराकर पूरी भूमि अपने नाम करा ली थी। लाखन सिंह की मृत्यु के बाद, उनके पुत्र विजय सिंह, उदयवीर सिंह और धर्मवीर सिंह अब राजनीतिक प्रभाव का उपयोग कर उदल सिंह के हिस्से की जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उदल सिंह ने बताया कि भूमि विवाद वर्तमान में तहसीलदार करहल के न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद, कथित दबंग उन्हें, उनके बेटों और नातियों को मुकदमा वापस लेने की लगातार धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि 30 जनवरी 2026 को जब उदल सिंह अपने खेत की ओर जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने उनके साथ मारपीट की। पीड़ित ने इस संबंध में थाना करहल में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मजबूर होकर, उदल सिंह ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी और जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने अपनी जमीन को कब्जा मुक्त कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
https://ift.tt/WZk4Ar0
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply