स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है। लीग का मुख्य उद्देश्य मेरठ और आसपास के युवा क्रिकेटरों को एक सशक्त और प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करना है, जिससे शहर को क्रिकेट के नए केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके। टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमें लीग प्रारूप में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन में पंजीकरण अनिवार्य होगा। रेलवे या अन्य विभागीय टीमों से जुड़े खिलाड़ी भी लीग में भाग ले सकेंगे, बशर्ते उनका आधार कार्ड मेरठ जनपद का हो। बोर्ड स्तर पर क्रिकेट खेल चुके खिलाड़ियों को ट्रायल से छूट दी जाएगी, जबकि अन्य सभी खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर किया जाएगा। प्रत्येक टीम में अधिकतम दो खिलाड़ी मेरठ जनपद से बाहर के शामिल किए जा सकेंगे। ऐसे खिलाड़ियों का उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में पंजीकरण अनिवार्य रहेगा। वहीं प्लेइंग-11 में भी अन्य जनपद के केवल दो खिलाड़ियों को ही मौका दिया जाएगा। मैचों के संचालन के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से पंजीकृत अंपायर और स्कोरर ही नियुक्त किए जाएंगे।
https://ift.tt/otO6geu
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply