सहारनपुर के रिमाउंट डिपो ट्रेनिंग स्कूल क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने के मामले में सेना ने दो युवकों को पकड़ लिया है। युवकों के पास से एक ड्रोन और लैपटॉप बरामद किया गया है। लैपटॉप में आर्मी परिसर के अंदर के फोटो और वीडियो मिले हैं। मामले को लेकर आर्मी अधिकारियों ने पुलिस को तहरीर दी है और जांच की जा रही है। घटना थाना गागलहेड़ी क्षेत्र की है। सेना में सूबेदार के पद पर तैनात बालू सिंह की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे आर्मी परिसर के ऊपर एक ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया। ड्रोन निर्माणाधीन बिल्डिंग और आसपास के इलाके के ऊपर चार बार चक्कर लगाता हुआ नजर आया। वहां तैनात जवानों को शक होने पर इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही आर्मी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ड्रोन की दिशा में तलाश शुरू की। जांच के दौरान रसूलपुर गांव के पास दो युवक ड्रोन उड़ाते हुए मिले। सेना ने दोनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया। उनके पास से ड्रोन और एक लैपटॉप जब्त किया गया। लैपटॉप की जांच करने पर उसमें रिमाउंट डिपो परिसर के अंदर के फोटो और वीडियो मिले, जिनमें निर्माण कार्य से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो शामिल हैं। इसके बाद दोनों युवकों को पकड़कर जनकपुरी थाने लाया गया। बाद में जानकारी हुई कि मामला थाना गागलहेड़ी क्षेत्र का है। इसके बाद आर्मी के अधिकारी आरोपियों को लेकर गागलहेड़ी थाने पहुंचे। वहां आर्मी की ओर से तहरीर दी गई है और मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने बताया कि वे केंद्र सरकार के एक सर्वे कार्य से जुड़े हुए हैं। उनका कहना है कि नदियों के सर्वे के लिए ड्रोन से फोटो और वीडियो रिकॉर्ड किए जा रहे थे। युवकों ने अपने पास गवर्नमेंट ऑफ इंडिया का एक लेटर होने की बात भी कही है। हालांकि, सेना और पुलिस की ओर से उस लेटर की जांच कराई जा रही है। सूबेदार बालू सिंह का कहना है कि आर्मी क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने से पहले किसी भी आर्मी अधिकारी से अनुमति नहीं ली गई थी। बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाया जाना नियमों का उल्लंघन है। साथ ही लैपटॉप में आर्मी क्षेत्र के फोटो और वीडियो पाए गए हैं। फिलहाल आर्मी और पुलिस दोनों मामले की जांच कर रहे हैं। ड्रोन उड़ाने की अनुमति, सरकारी लेटर की वैधता और रिकॉर्ड किए गए डेटा की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/vJp6Qb2
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply