DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

डीसीएम ने छात्रों से भरी ऑटो में मारी टक्कर:एक छात्रा की मौत, प्रैक्टिकल एग्जाम देने जा रहे थे सभी; 3 गंभीर रूप से घायल

कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार डीसीएम ने छात्रों से भरी ऑटो में टक्कर मार दी। इस हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक सहित तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। राजकीय इंटर कॉलेज रनिया के छात्र-छात्राएं कठेठी स्थित बीएमएस इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान की प्रैक्टिकल एग्जाम देने जा रहे थे। ऑटो जैसे ही कौशल मोड़ के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने लापरवाही से चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में महमऊ, थाना रनिया निवासी ऋतु (17) पुत्री नेता यादव उर्फ शिवकुमार यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दीक्षा (16) पुत्री विनोद कुमार, खुशी (16) पुत्री गुलाब सिंह और अभय कुमार (17) पुत्र मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑटो चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर गजनेर थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तत्काल सीएचसी गजनेर भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। छात्रा ऋतु की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम छा गया। परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने कौशल मोड़ पर ब्रेकर बनवाने की मांग करते हुए सड़क पर लकड़ी-बल्लियां डालकर जाम लगा दिया। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। एडिशनल एसपी राजेश पांडे ने बताया कि डीसीएम और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चालक से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।


https://ift.tt/94KAJzu

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *