मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठठरा गांव की 24 वर्षीय युवती निधि सिंह पहलवान की शुक्रवार की भोर में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने जहर का सेवन किया था। निधि स्व. श्रीप्रकाश सिंह की पुत्री थीं। ठठरा गांव निवासी निधि सिंह ने बुधवार दोपहर अपने मकान के दूसरे तल पर बने कमरे में जहर खा लिया था। जब वह काफी देर तक नीचे नहीं आईं, तो उनके भाई शिवम सिंह ऊपर कमरे में गए। उन्होंने निधि को बिस्तर पर अचेत अवस्था में पाया। शिवम ने परिवार के सदस्यों के साथ निधि को इलाज के लिए कछवांरोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत बीएचयू रेफर कर दिया। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान शुक्रवार की भोर में निधि पहलवान की मौत हो गई। अस्पताल से मौत की सूचना लंका पुलिस को दी गई। सूचना पर लंका पुलिस मौके पर पहुंची और निधि पहलवान के शव को कब्जे में ले लिया। परिजन शुरुआत में पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन पुलिस ने सल्फास से मौत की आशंका के चलते पोस्टमार्टम के बाद ही शव देने की बात कही। दोपहर में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। निधि पहलवान के पिता श्रीप्रकाश सिंह की सड़क दुर्घटना में और माता ममता सिंह की बीमारी के कारण करीब 15 वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। निधि तीन बहनों और एक भाई में तीसरे नंबर पर थीं और उन्होंने बी.ए. की पढ़ाई पूरी की थी। कुश्ती में निधि काफी चर्चित थीं। उन्होंने जिले के साथ-साथ कई राज्यों में कुश्ती लड़कर कई स्वर्ण पदक और शील्ड प्राप्त की थीं। घटना के संबंध में मृतक की दादी श्यामा देवी ने बताया कि निधि काफी दिनों से डिप्रेशन में चल रही थीं। उन्होंने कई बार निधि से परेशानी का कारण पूछा, लेकिन निधि ने कुछ नहीं बताया और अचानक इतना बड़ा कदम उठा लिया। घटना की सूचना पर मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय और कछवांरोड चौकी प्रभारी रामचंद्र यादव मृतक निधि के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी ली। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
https://ift.tt/BlPZpm9
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply