DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

रामपुर जिला अस्पताल में मंदबुद्धि मरीजों के लिए विशेष वार्ड:डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, बेहतर उपचार के दिए निर्देश

रामपुर जिला अस्पताल में मंदबुद्धि व्यक्तियों के समुचित उपचार और देखभाल के लिए एक विशेष वार्ड तैयार किया गया है। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) के साथ संयुक्त रूप से इस वार्ड का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी के आगमन की सूचना मिलते ही सीएमओ डॉ. दीपा सिंह, सीएमएस बी. सक्सेना सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वार्ड में उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाइयों, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएमएस बी. सक्सेना ने बताया कि इस विशेष वार्ड में कुल पांच बेड लगाए गए हैं। इन बेड पर तकिया, चादर सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही मरीजों की देखरेख के लिए जरूरी संसाधन भी सुनिश्चित किए गए हैं। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जब कहीं से किसी मंदबुद्धि व्यक्ति को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल लाया जाता है, तो उसके इलाज, दवाइयों और भोजन की उचित व्यवस्था होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से यह विशेष वार्ड बनाया गया है, ताकि ऐसे मरीजों को सम्मानजनक और बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि मरीजों की जरूरतों को प्राथमिकता पर रखते हुए सभी व्यवस्थाएं लगातार दुरुस्त रखी जाएं। जिलाधिकारी ने जोर दिया कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि समाज के हर वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


https://ift.tt/f6gnhwY

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *