प्रतापगढ़ के फतनपुर थाना क्षेत्र के साढ़ गांव में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में तीन वर्षीय बच्ची आर्या की मौत हो गई। उसे एक तेज रफ्तार स्कूल वैन ने टक्कर मार दी। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बच्ची आर्या अपने ननिहाल में रह रही थी। शुक्रवार सुबह वह अपने ममेरे भाई को स्कूल छोड़ने के लिए मामा के साथ घर से सड़क तक गई थी। इसी दौरान तेज गति और लापरवाही से आ रही स्कूल वैन ने सड़क किनारे खड़ी आर्या को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आर्या की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दुर्घटना के बाद वैन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, संबंधित स्कूल प्रबंधन द्वारा स्कूल में ताला लगाकर चले जाने की चर्चा से ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया। लोगों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर फतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुछ ही घंटों में पुलिस ने स्कूल वैन चालक और वाहन को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी मनीष त्रिपाठी के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है और आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की भी मांग की है।
https://ift.tt/Rs6JpVr
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply