DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

जालौन में विधवा महिला हत्याकांड का खुलासा:पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, घर में घुसकर दुष्कर्म का किया था प्रयास, असफल होने पर मार डाला

जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हरकौती में 55 वर्षीय विधवा महिला की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। आरोपी ने महिला के घर में घुसकर पहले दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध पर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के सामने स्थित सरसों के खेत में फेंक दिया गया। मामला 4 फरवरी का है। ग्राम हरकौती निवासी कमला देवी पत्नी स्व. मुन्ना लाल (55) की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई थी। शव घर के सामने खेत में पड़ा मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के भतीजे पवन कुमार पुत्र राजकुमार बरार ने थाना कोतवाली जालौन में तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया था। फॉरेंसिक टीम के साथ गहन विवेचना की गई और हत्या के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया। अकेलेपन का फायदा उठाकर की वारदात अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि सघन विवेचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान छत्रपाल पुत्र रामदास, निवासी ग्राम हरकौती के रूप में की गई। जांच में सामने आया कि मृतका अपने घर में अकेली रहती थी। उनके बच्चे दिल्ली और चेन्नई में परिवार सहित रहते हैं। आरोपी ने इसी अकेलेपन का फायदा उठाया। रात 10 बजे घर में कूदा, विरोध पर की हत्या पुलिस के अनुसार 3 फरवरी की रात करीब 10 बजे आरोपी शराब के नशे में महिला के घर में कूदकर घुसा और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पास के रामकिशोर के सरसों के खेत में फेंककर फरार हो गया। आरोपी गिरफ्तार, कपड़े और जूते बरामद पुलिस ने 5 फरवरी की रात 8 बजकर 5 मिनट पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े—सफेद टी-शर्ट, बादामी रंग की जींस और धुले हुए काले रंग के सफेद सोल जूते—घर से बरामद किए गए। धाराएं बढ़ीं, आरोपी न्यायिक हिरासत में अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विवेचना के दौरान मामले में धारा 64 और 333 बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या जैसे जघन्य अपराध का सफल अनावरण किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


https://ift.tt/YK5vb9s

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *