उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी मां की हत्या कर दी। यह घटना कंजा खेड़ा मजरा पीपर खेड़ा गांव में हुई, जहां 50 वर्षीय शांति देवी पत्नी रामकुमार की मौत हो गई। शुक्रवार को मां-बेटे के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर छोटे बेटे राजन ने पास पड़ी लोहे की रॉड से अपनी मां शांति देवी पर हमला कर दिया। इस हमले में शांति देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी बेटा राजन घर से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। मृतका का बड़ा बेटा राजेश घटना के समय गांव से बाहर था। उसे फोन पर घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद वह गांव के लिए रवाना हुआ। 4 तस्वीरें देखिए… गंगाघाट कोतवाली पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर अजय सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी मौके से बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू विवाद में हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने मृतका के परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी बेटे राजन की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इंस्पेक्टर अजय सिंह ने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/olrg9Bn
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply