DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

बदायूं में कर्ज से परेशान किसान ने की आत्महत्या:बैंक कर्ज और डेढ़ लाख के बिजली बिल से था परेशान

बदायूं जिले में बैंक कर्ज और भारी बिजली बिल से परेशान एक किसान ने खेत पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बिसौली कोतवाली क्षेत्र के कुंआडांडा गांव में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक किसान की पहचान 45 वर्षीय मुकेश पुत्र बंशीधर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मुकेश पर बैंक का करीब 3 लाख रुपये का केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) कर्ज था। इसके अतिरिक्त, उन पर डेढ़ लाख रुपये का बिजली बिल भी बकाया था, जिससे वह लंबे समय से तनाव में थे। गुरुवार रात को मुकेश खेत में फसल की रखवाली करने की बात कहकर घर से निकले थे। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने खेत जाकर देखा, जहां मुकेश का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। इसके बाद परिवार ने तत्काल बिसौली कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे मुकेश के बेटे मिंटू ने बताया कि उनके पिता ने लगभग तीन साल पहले डेढ़ लाख रुपये का केसीसी लोन लिया था, जो ब्याज सहित बढ़कर करीब 3 लाख रुपये हो गया था। मिंटू ने यह भी बताया कि घर के बिजली कनेक्शन का बिल लंबे समय से बकाया था और अचानक डेढ़ लाख रुपये का बिल आने से मुकेश सदमे में थे। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि मुकेश द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।


https://ift.tt/XG52OwH

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *