शाहजहांपुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। 50 वर्षीय सीमा अपने घर की दूसरी मंजिल पर बंदर भगाते समय बिजली के तार से छू गईं, जिससे उन्हें करंट लग गया। परिजनों का आरोप है कि बिजली विभाग को कई बार शिकायत के बावजूद तार नहीं हटाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना थाना परौर क्षेत्र के कौमी गांव में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे हुई। सीमा अपने पति और चार बच्चों के साथ रहती थीं। घटना के समय उनके पति और बच्चे खेत पर गए हुए थे, जबकि सीमा और उनकी बहू घर में थीं। सीमा शौचालय के लिए मकान की दूसरी मंजिल पर गई थीं।
शौचालय के पास दीवार के बाहर कुछ इंच की दूरी पर हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। मृतका के बेटे के अनुसार, छत पर उन्होंने एक बंदर को बैठा देखा। बंदर को भगाने की कोशिश में उनका हाथ सीधे बिजली के तार से छू गया, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा। करंट लगने से उनके कपड़े भी जल गए थे। लगभग आधे घंटे बाद जब उनके बेटे खेत से घर लौटे और छत पर गए, तो उन्होंने सीमा का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनके मकान से मात्र आधा फीट की दूरी पर बिजली के तार निकले हुए हैं। उन्होंने बिजली विभाग में कई बार शिकायत कर इन तारों को हटवाने की मांग की थी, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। परिजनों का कहना है कि यदि तार हटा दिए जाते तो यह हादसा नहीं होता। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता ने बताया कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में आया है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
https://ift.tt/CPzplZN
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply