मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह ने बुधवार को बैतालपुर ब्लॉक की परसौना और विशुनपुरा सहित कई ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से कार्यों का विवरण दर्ज कराया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत परसौना में तकनीकी सहायक ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी को उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया। विशुनपुरा और परसौना में सीसी रोड निर्माण कार्यों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। सीडीओ ने विशुनपुरा-दो में गुल्लु के घर से पप्पू चौबे के घर तक और रघुनाथ पांडेय के खेत से उमेश पांडेय के खेत तक बनी सीसी रोड का निरीक्षण किया। वहीं, ग्राम पंचायत परसौना में दीना कुशवाहा के घर से रामू गुप्ता के खेत तक, रामबली के खेत से कोमल प्रसाद के खेत तक तथा दुर्गेश गुप्ता के खेत से हरिहर कुशवाहा के खेत तक निर्माणाधीन व पूर्ण सीसी रोड कार्यों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान सभी कार्यस्थलों पर नागरिक सूचना बोर्ड नहीं पाए गए, जिस पर सीडीओ ने संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार वसूली के आदेश जारी करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, विशुनपुरा-दो में गुल्लु के घर से पप्पू चौबे के घर तक निर्मित सीसी रोड कार्य मानक के अनुरूप नहीं मिला। इस पर उन्होंने बीडीओ एवं कार्यक्रम अधिकारी बैतालपुर को निर्देशित किया कि तकनीकी मूल्यांकन के आधार पर मानक से कम कार्य की कटौती करते हुए ही भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, संबंधित तकनीकी सहायक एवं ग्राम पंचायत सचिव से कार्य की समुचित निगरानी न करने के संबंध में स्पष्टीकरण भी मांगा गया। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/DKPBibX
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply