सीतापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम गौरा में गुरुवार शाम खेत जा रहे एक बुजुर्ग किसान पर आवारा सांड ने अचानक हमला कर दिया। सांड के हमले में 54 वर्षीय किसान रामदीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि सांड के सींग लगने से किसान का पेट फट गया। जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। घायल किसान को परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार रामदीन गुरुवार शाम अपने घर से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पड़ोस से गुजरते समय वहां मौजूद एक आवारा सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांड ने रामदीन को पटक-पटक कर घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह सांड को भगाकर किसान को बचाया। ग्रामीणों का कहना है कि यही सांड पिछले कई दिनों से इलाके में आतंक का कारण बना हुआ था। तीन दिन पहले ग्रामीणों ने उसे पकड़कर एक पेड़ से बांध दिया था, लेकिन बाद में किसी कारणवश वह फिर से खुल गया। इसके बाद से सांड खुलेआम गांव और खेतों के आसपास घूम रहा था, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। इधर जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार रामदीन की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवरा गौवंशो से निजात दिलाने की मांग की है।
https://ift.tt/aYuBUF6
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply