उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। उन्नाव-पुरवा मार्ग पर जमुका मोड़ के पास लोडर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हुई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने नेवरना चौकी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार को मोर्चरी हाउस पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक की पहचान जमुका मजरा सिंहखेड़ा गांव निवासी 32 वर्षीय राजू पुत्र नन्हक्के के रूप में हुई है। राजू पिछले चार वर्षों से दुबई में शटरिंग का काम करता था और दो महीने पहले ही गांव लौटा था। गुरुवार रात करीब दस बजे उसे अमौसी एयरपोर्ट से दुबई के लिए फ्लाइट पकड़नी थी। फ्लाइट से पहले वह जमुका बाजार चप्पल खरीदने के लिए बाइक से गया था। इसी दौरान जमुका मोड़ के पास एक तेज रफ्तार लोडर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि राजू सड़क पर गिर गया और लोडर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों में इसी मार्ग पर तीन गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिजनों और ग्रामीणों ने नेवरना चौकी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई न होने के कारण ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं। राजू अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई मुंबई में रहता है। गांव में उसके वृद्ध माता-पिता, पत्नी रूपा और 16 वर्षीय रितिक तथा 10 वर्षीय रितेश नाम के दो बेटे हैं। राजू की मौत की खबर से परिवार सदमे में है।
https://ift.tt/BZPvA2S
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply