जालौन के एक कॉलेज में पढ़ने वाली बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाकर रेप किया गया। इस मामले में छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया। लेकिन मामले में अब नया मोड़ आ गया है। छात्रा ने FIR दर्ज होने के बाद एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला है। जिसमें उसने बताया कि उसने परिजनों के दबाव में आकर झूठा मुकदमा दर्ज कराया है। छात्रा के बालिग और नाबालिग होने के दो आधार कार्ड भी सामने आए हैं, जिससे मामला और जटिल बन गया है। मामला उरई कोतवाली क्षेत्र का है। B.A फर्स्ट ईयर की छात्रा, जो एट कोतवाली के एक गांव की रहने वाली है। छात्रा के पिता ने FIR दर्ज कराते हुए बताया कि 4 फरवरी को, जब परिजन वोटर लिस्ट संशोधन के लिए गांव गए हुए थे, उसी दौरान आरोपी सचिन कुमार, पुत्र श्रीराम चौधरी, निवासी उमरारखेड़ा उरई, ने छात्रा को फोन कर लाइब्रेरी के बाहर बुलाया। आरोपी ने छात्रा को बी.सी.ए. कोचिंग का झांसा देकर मोटरसाइकिल से कोंच बस स्टैंड की ओर ले गया और अपने एक दोस्त के घर ले जाकर उसे नशीला पेय पदार्थ पिलाया। नशे की हालत में छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया। होश में आने पर छात्रा ने अपने मामा को फोन कर घबराहट की जानकारी दी और लोकेशन साझा की। परिजनों के पहुंचने पर छात्रा संदिग्ध हालत में मिली, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घर लौटने के बाद छात्रा ने पूरी घटना परिजनों को बताई, जिसके बाद वह मानसिक रूप से काफी आहत और डरी हुई है। पीड़िता के पिता का आरोप है कि आरोपी के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी और पैसों के बल पर मामला दबाने की बात कही। परिवार ने खुद को असुरक्षित बताया। इसके आधार पर पुलिस ने रेप की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। मामला तब और मोड़ पर आया जब छात्रा ने एफआईआर दर्ज होने के बाद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया और बताया कि उसने परिजनों के दबाव में जाकर सचिन के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया है, उसके साथ कोई भी वारदात नहीं हुई। परिजनों ने उस पर दबाव बनाया, तब जाकर यह मुकदमा दिखाया गया। वहीं, छात्रा के दो आधार कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं—जिसमें एक में उम्र 21 वर्ष और दूसरे में 17 वर्ष लिखी है। इस मामले में जालौन के अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि छात्रा का मेडिकल कराया जा रहा है और उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। वहीं, जन्म प्रमाण पत्र को लेकर भी जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/uK7X2nZ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply