DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

अवैध खनन ऑडियो वायरल, दरोगा निलंबित:कुशीनगर में हफ्ता वसूली के आरोप में एसपी ने की कार्रवाई, पहले भी हो चुका एक्शन

कुशीनगर जनपद में अवैध खनन और हफ्ता वसूली से संबंधित एक ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस विभाग की छवि को बनाए रखने और कानून व्यवस्था के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई लगभग 1 मिनट 15 सेकंड की इस ऑडियो क्लिप में दावा किया गया है कि यह बातचीत कुशीनगर जनपद के तरयासुजान थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी बहादुरपुर पर तैनात उपनिरीक्षक अरविंद कुमार राय की है। इस ऑडियो में कथित तौर पर अवैध बालू और मिट्टी खनन कराने, साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाने के बदले नियमित हफ्ता वसूली की बात कही जा रही है। ऑडियो में यह भी धमकी दी गई है कि यदि पैसे नहीं मिलेंगे तो ट्रैक्टर-ट्रॉली को चलने नहीं दिया जाएगा। ऑडियो के वायरल होते ही यह मामला तेजी से फैला और पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उपनिरीक्षक अरविंद कुमार राय को निलंबित करने का आदेश जारी किया। एसपी के निर्देश पर विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, निलंबित उपनिरीक्षक अरविंद कुमार राय ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि वायरल ऑडियो उनकी आवाज नहीं है और उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है। इसके बावजूद, ऑडियो पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने और मामले की गंभीरता को देखते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार राय पर इससे पहले भी जनपद में माथौली चौकी इंचार्ज रहते हुए कार्रवाई हो चुकी है। ऐसे में एक बार फिर उनके खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है। अब सवाल यह भी उठ रहा है कि यह निलंबन और विभागीय कार्रवाई कितने समय तक टिकती है और जांच के बाद क्या सख्त कदम उठाए जाते हैं। फिलहाल पूरा मामला जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है।


https://ift.tt/5yrPjRM

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *