DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

लखनऊ में मांझे से पूर्व फौजी का होंठ-जबड़ा कटा:30 टांके लगे, 1 दिन पहले युवक की हुई थी मौत; 24 घंटे में दूसरी दुर्घटना

लखनऊ में मांझे से गोमतीनगर विस्तार इलाके में पूर्व फौजी का जबड़ा और होंठ बुरी तरह कट गए। चेहरे पर 30 टांके लगे हैं। यह दुर्घटना शहीद पथ पर गुरुवार दोपहर हुई। यह मांझे से हुई 24 घंटे में दूसरी दुर्घटना है। इससे पहले बुधवार को मांझे से पुराने लखनऊ में 2 मासूम बेटियों के पिता की मौत हो गई थी। मांझे से घायल हुए बृजेश राय रिटायर्ड फौजी हैं। वह फिलहाल एक सिक्योरिटी कंपनी में गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। गोमतीनगर विस्तार के अर्जुनगंज में दाता रोड सरजूनगर में उनका घर है। वह स्कूटी से गोमतीनगर जा रहे थे। उसी दौरान रास्ते में उनका चेहरा अचानक कट गया। जब तक कुछ समझ पाते तब तक संतुलन बिगड़ गया और वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर गए। मालूम हो कि घटना के कुछ घंटे पहले ही सीएम योगी ने आदेश दिया था कि अगर किसी की मौत मांझे से होगी तो इसकी खरीद और इस्तेमाल न रोक पाने वाले जिम्मेदारों पर हत्या का केस लगेगा। अब घटनाक्रम विस्तार से पढ़िए… ड्यूटी से लौटते वक्त हुआ हादसा सेवानिवृत्त फौजी बृजेश राय सुशांत गोल्फ सिटी स्थित कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में ड्यूटी करते हैं। वह अर्जुनगंज से गोमतीनगर जा रहे थे। शहीद पथ पर चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। मांझे की धार इतनी तेज थी कि उनका जबड़ा और चेहरा कट गया। खून से लथपथ हालत में वह सड़क पर गिर पड़े। बृजेश के अनुसार, शायद सामने चल रहे ट्रक में मांझा लगा था। वह डिवाइडर पर फंस गया जिससे बृजेश उसके सामने फंस गए। इसके बाद मांझा ने उनके गाल और होंठ को काट दिया। सड़क पर जबरदस्त खून टपकने लगा। वह पहले इकाना हॉस्पिटल पहुंचे। वहां फर्स्ट एड कराकर कमांड हॉस्पिटल गए। जैकेट से मुंह और जबड़े को बांधा बृजेश ने बताया- अर्जुनगंज से गोमतीनगर की ओर जा रहा था। गोमतीनगर विस्तार के पास अचानक चाइनीज धागे से मेरा जबड़ा और होंठ कट गया। लोगों की मदद से जैकेट से अपना घाव बांधा। इकाना अस्पताल में फर्स्ट एड लेने के बाद कमांड अस्पताल गया, जहां से इलाज चल रहा है। पुलिस घर आई थी। डॉक्टरों ने नियमित अंतराल पर फॉलोअप के लिए हॉस्पिटल बुलाया है। पीड़ित से सुनिए पूरी आपबीती… बृजेश राय ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि वह अपने घर अर्जुनगंज से गोमती नगर के लिए जा रहा था। दिन में करीब 2 बजे शहीद पथ पर चढ़ा और जैसे ही मैं गोमतीनगर विस्तार के पास जैसे ही पहुंचा, वहाँ पर धागे की चपेट में आने से मेरा होंठ और जबड़ा बुरी तरीके से कट गया। काफी ज्यादा ब्लीडिंग हो रही थी, फिर मैंने वहीं पर जैकेट से अपना जबड़ा और होंठ दबाया और नीचे बगल में ही इकाना हॉस्पिटल में अपना फर्स्ट एड कराया। वहां पर टांका वगैरह लगने के बाद, जो भी फर्स्ट एड मेडिसिन थी, उसे लेकर वहां से कमांड हॉस्पिटल के लिए गया। उसके आगे का इलाज मुझे कमांड हॉस्पिटल में मिला और आगे भी मेरा इलाज कमांड हॉस्पिटल के अंतर्गत ही चल रहा है। पुलिस आई थी, उन्होंने पूरी घटना का ब्योरा लिया कि कैसे-क्या हुआ। चूंकि यह घटना शहीद पथ के ऊपर है और धागा रोड पर गिरा हुआ था, तो अब यह पता करना मुश्किल है कि धागा कहां से आया, क्या हुआ। लेकिन पुलिस आई थी और उन्होंने पूरी घटना का ब्योरा लिया। पुलिस बोली- पीड़ित नहीं चाहता कार्रवाई गोमतीनगर विस्तार इंस्पेक्टर सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया- बृजेश के वाहन के आगे एक ट्रक चल रहा था, जिसके पीछे धागा बंधा हुआ था। बृजेश उस धागे की चपेट में आ गए, जिससे घायल हो गए। पीड़ित ने मामले में किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इन्कार कर दिया है। पुलिस अभियान पर उठे सवाल लखनऊ में चाइनीज मांझे से लगातार घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ- डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर पुलिस प्रशासन अभियान चला रहा है। इसके बावजूद गोमतीनगर विस्तार जैसी पॉश कॉलोनी में इस तरह की घटना होना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। पढ़िए योगी ने क्या-क्या कहा था ?
योगी ने कहा- अब अगर चाइनीज मांझे से किसी की जान जाती है तो हत्या का केस दर्ज कर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। चाइनीज मांझे की जब्ती के लिए पूरे प्रदेश में यूपी पुलिस सघनता से अभियान चलाएगी। CM ने साफ किया कि चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध है। इसकी बिक्री और इस्तेमाल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। योगी ने पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिया कि इस अवैध नेटवर्क की पहचान करें। तत्काल छापेमारी कर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें। चाइनीज मांझे की वजह से हुई मौतों की हालिया घटनाएं- 1. लखनऊ में चलती बाइक पर एमआर का गला कटा
4 फरवरी को लखनऊ में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने की वजह से एमआर की मौत हो गई थी। वह बाइक से जा रहे थे। तभी उनके गले में चाइनीज मांझा फंस गया। खून से लथपथ होकर वह बाइक समेत गिर गए और करीब 10 मिनट तक तड़पते रहे। राहगीरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मोहम्मद शोएब (33) के रूप में हुई। घटना दोपहर करीब 2 बजे की खाला बाजार थाना क्षेत्र के हैदरगंज ओवरब्रिज की है। पढ़ें पूरी खबर 2. डॉक्टर की गर्दन कट गई थी, बीच सड़क तड़पकर मौत
14 जनवरी को जौनपुर में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से एक डॉक्टर की मौत हो गई थी। वह बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया और गर्दन कटती चली गई। मांझे की धार इतनी तेज थी कि उनकी गले की हड्‌डी तक कट गई थी। हादसा बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे लाइन बाजार थाना क्षेत्र के प्रसाद चौराहे पर हुआ था। मृतक की पहचान केराकत निवासी डॉक्टर समीर हाशमी (28) के रूप में हुई थी। पढ़ें पूरी खबर एक साल में चाइनीज मांझे से 8 की जान गई यूपी में बैन है चाइनीज मांझा यूपी में चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बाद भी इसकी बिक्री हो रही है। भारत में सामान्य धागे से पतंग की डोर तैयार होती है, लेकिन चीन में नायलॉन के साथ मेटलिक पाउडर का उपयोग होता है। इसमें कांच और लोहे के चूरे को भी मिलाया जाता है ताकि धार और तेज हो। नायलॉन के धागे के कारण पेच लड़ने पर खिंचाव बढ़ता है और चाइनीज मांझा कटता नहीं है। कांच और लोहे का चूर्ण मिला यह मांझा गला रेतने के लिए पर्याप्त होता है। ——————— ये खबर भी पढ़िए- लखनऊ में कुत्तों ने नोंचकर मांस के लोथड़े निकाले…CCTV: महिला को दौड़ाकर काटा, बोलीं- नगर निगम अफसर कहते हैं अपनी सुरक्षा स्वयं करें लखनऊ में आवारा कुत्तों ने एक महिला को दौड़ाकर नोंचा। महिला के पैर में गहरे जख्म हो गए। 2 जगह से मांस के लोथड़े निकल आए। उनका उपचार चल रहा है। मामले की नगर निगम में शिकायत हुई है। यहां पढ़ें पूरी खबर


https://ift.tt/b50ELzm

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *