मर्चेंट चैम्बर ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित टॉक शो ‘इंडियाज पाथ अहेड ट्रंप्स टर्बुलेंस, चाइनाज गेम एंड रशिया रेजीलेंस’ में देश के दिग्गज सैन्य विशेषज्ञों और रणनीतिकारों ने भारत की मजबूत वैश्विक स्थिति का खाका खींचा। मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद सेवानिवृत्त मेजर जनरल राजीव नारायण ने दो टूक कहा कि पिछले छह महीनों के उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत न तो अमेरिका के आगे दबा है और न ही झुका है। उन्होंने जोर दिया कि अब समय आ गया है। जब भारत को अपने व्यापारिक हितों के साथ-साथ फौज और पुलिस बल को भी आंतरिक और बाहरी चुनौतियों से निपटने के लिए और अधिक समृद्ध व आधुनिक बनाना होगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा भारतीय उत्पादों पर टैरिफ दरों को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने के फैसले को मेजर जनरल नारायण ने एक बड़ी कूटनीतिक जीत बताया। नेगोशिएशन का दौर अब वास्तव में शुरू हुआ है। यदि भविष्य में अमेरिका तेल खरीद को लेकर कोई दबाव बनाता है, तो भी भारत को अपनी शर्तों पर अडिग रहना चाहिए। भारत को तेल वहीं से खरीदना चाहिए जहां से देश की जनता को अधिकतम आर्थिक लाभ मिले। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि भारतीय नेतृत्व इस कदर दृढ़ था कि यदि टैरिफ कम नहीं होते, तो वे ट्रंप के कार्यकाल के खत्म होने तक इंतजार करने को तैयार थे, लेकिन झुकने को नहीं। सेवानिवृत्त कर्नल अजय कै रैना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान मोदी सरकार की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी जारी लड़ाई को रोकना, उसे लड़ते रहने से कहीं अधिक कठिन और जिम्मेदारी भरा काम होता है। भारतीय जांबाजों ने पाकिस्तान को जो सैन्य क्षति पहुंचाई थी, उसके बाद युद्ध को रोकना एक परिपक्व फैसला था।
यदि युद्ध जारी रहता तो पाकिस्तान पूरी तरह तबाह हो जाता, लेकिन उसके गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण वह भारत पर परमाणु हमला करने की नासमझी कर सकता था। ऐसे में रणनीतिक संयम ने भारत को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया। उन्होंने चीन की गतिविधियों पर भी आगाह करते हुए कहा कि हमें दुश्मन की हर चाल पर पैनी नजर रखनी होगी। वहीं, कार्यक्रम में पहुंचे चर्चित डिफेंस यूट्यूबर आदि अचिंत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक उथल-पुथल के बीच भारत को एक अलग मुकाम पर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना का अधिकार सबको है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में भारत का जो कद बढ़ा है, उसे नकारा नहीं जा सकता।
अचिंत ने रक्षा क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती जिज्ञासा पर खुशी जताते हुए कहा कि आज की पीढ़ी केवल खबरें नहीं पढ़ती, बल्कि उनके पीछे के ‘क्यों’ को भी समझना चाहती है। टॉक शो में अभिषेक सिंहानिया, सुशील शर्मा और प्रभात मिश्रा सहित शहर के कई प्रमुख उद्यमी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस चर्चा को भारत के भविष्य के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताया।
https://ift.tt/CFPxBds
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply