बागपत में अवैध प्लाटिंग और बिना नक्शा स्वीकृति के निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देश पर विकास प्राधिकरण, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान नौ दुकानों को सील किया गया और करीब 27 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर भी सख्त कदम उठाए गए। कार्रवाई की शुरुआत खेकड़ा पाठशाला क्षेत्र से हुई। यहां कपिल धामा द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के नौ दुकानों का निर्माण कराया गया था। जांच में निर्माण अवैध पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल इन दुकानों को सील कर दिया। इस दौरान कई अन्य निर्माण कार्य भी बंद कराए गए। इसके बाद प्रशासनिक टीम डूंडाहेड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र पहुंची। यहां शुभलक्ष्मी इंडस्ट्रियल टाउनशिप के नाम से लगभग 8000 वर्गमीटर भूमि पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। यह भूमि नाले की पटरी पर स्थित थी। प्रशासन ने मौके पर निर्माण कार्य रुकवाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। अभियान के तहत फखरपुर मार्ग पर लगभग 2000 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही एक आवासीय कॉलोनी पर भी कार्रवाई हुई। टीम ने अवैध प्लाटिंग को हटवाया और संबंधित भूस्वामियों को नोटिस जारी किए। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। मुबारिकपुर क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। मुबारिकपुर फाटक के पास लगभग 8000 वर्गमीटर क्षेत्र में बिना स्वीकृति प्लाटिंग की जा रही एक कॉलोनी पर प्रशासन ने निर्माण कार्य बंद कराया और भूमि को प्रशासनिक नियंत्रण में लिया। इसी क्रम में मुबारिकपुर बसी मार्ग पर अजय धामा सहित अन्य भूस्वामियों द्वारा लगभग 9500 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही कॉलोनी को भी चिन्हित कर कब्जा हटवाने की कार्रवाई की गई। बागपत डीएम अस्मिता लाल के निर्देशन में लगातार अवैध निर्माण पर कार्रवाई की जा रही है वहीं डीएम ने सख्त निर्देश दिए हैं के किसी भी स्थिति में अवैध निर्माण नहीं होने दिया जाएगा और अवैध निर्माण पर लगातार कार्रवाई की जाएगी और जो लोग अवैध निर्माण कर रहे हैं उन पर भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
https://ift.tt/WtBQAkY
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply