कुशीनगर की चार सगी बहनें अब केवल परिवार या गांव ही नहीं, बल्कि खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। कुश्ती में शानदार प्रदर्शन करने वाली तीन सगी बहनों को गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सम्मानित कर उनकी हौसला-अफजाई की। यह बहनें जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर नगर पंचायत मथौली की निवासी हैं। बीते दिसंबर माह में आंचल यादव और उनकी बहन अमृता यादव ने राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया था। इसके बाद आंचल यादव का चयन आगामी मार्च माह में पंजाब के भटिंडा में होने वाली नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश टीम में 50 किलोग्राम भारवर्ग (सीनियर महिला वर्ग) में हुआ है। वहीं छोटी बहन अमृता यादव को 53 किलोग्राम भारवर्ग (जूनियर महिला वर्ग) में जगह मिली है। जिलाधिकारी द्वारा सम्मान और शाबाशी मिलने पर तीनों बहनों ने खुशी जाहिर की। खिलाड़ियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अक्सर वह सम्मान नहीं मिल पाता, लेकिन डीएम द्वारा बुलाकर सराहना किए जाने से उनका आत्मविश्वास और अधिक बढ़ा है। आंचल यादव ने बताया कि वह वर्ष 2016 से कुश्ती खेल रही हैं और अब तक छह बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुकी हैं। सात भाई-बहनों वाले परिवार में आंचल अपने दो बहनों और एक भाई से छोटी हैं। उनके पिता मदन यादव स्वयं ग्रामीण स्तर के पहलवान रह चुके हैं, जिनसे उन्हें कुश्ती की प्रेरणा मिली। शुरुआती प्रशिक्षण भी पिता ने ही दिया। आंचल की सफलता को देखकर उनकी बहनें अमृता, अंकिता और आंसू भी कुश्ती के मैदान में उतर आईं। फिलहाल अमृता दिल्ली के सरकारी हॉस्टल में रहकर कुश्ती का प्रशिक्षण ले रही हैं। परिवार के सीमित संसाधनों के बावजूद बेटियों के हौसले कभी कमजोर नहीं पड़े। पिता किसान और पशुपालक हैं। सुविधाएं भले ही सीमित हों, लेकिन बेटियों के लिए दूध और पौष्टिक आहार की कभी कमी नहीं होने दी गई। आंचल ने बताया कि समाज में आज भी बेटियों के खेल को लेकर उपेक्षा और ताने सुनने पड़ते हैं, लेकिन उनके पिता ने हमेशा उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने समाज से अपील की कि बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर और भरोसा दिया जाए। इस संबंध में जिला खेल अधिकारी रवि निषाद ने बताया कि खिलाड़ियों का नाम निदेशालय को भेज दिया गया है और खेल विभाग की ओर से हर संभव सहयोग किया जा रहा है। आगे भी ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर स्तर पर प्रोत्साहित किया जाएगा।
https://ift.tt/HW6IuSf
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply