रायबरेली पुलिस ने किसानों को लंबे समय से परेशान कर रहे एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के कृषि उपकरण, इंजन पार्ट्स और वारदात में इस्तेमाल की गई एक पिकअप गाड़ी बरामद की है। यह कार्रवाई सलोन थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस के अनुसार, जनवरी माह में सलोन थाना क्षेत्र में चोरी की दो घटनाओं को लेकर मुकदमा अपराध संख्या 27/26 और 28/26 दर्ज किए गए थे। इन मामलों में किसानों के डीजल इंजन, पंपसेट, थ्रेशर और चारा काटने वाली मशीनें चोरी हुई थीं। बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी सलोन के नेतृत्व में थाना सलोन, एसओजी और सर्विलांस टीम को संयुक्त रूप से जांच में लगाया गया। 15 दिनों में गिरोह की पहचान पुलिस टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से करीब 15 दिनों में गिरोह की पहचान कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवशंकर, विपिन निर्मल, संदीप और अजीत निर्मल के रूप में हुई है। सभी आरोपी पड़ोसी प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह दिन में सुनसान खेतों और ग्रामीण इलाकों की रेकी करता था। रात के समय मौका मिलते ही डीजल इंजन, पंपसेट और अन्य कृषि मशीनों को काटकर या खोलकर उनके कीमती पार्ट्स चोरी कर लेता था। चोरी का माल पिकअप वाहन से ले जाकर कबाड़ियों को बेच दिया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से डीजल इंजन की बॉडी, हेड, पिस्टन, चक्का, सिंचाई पंपसेट, जनरेटर के पार्ट्स, लोडिंग एंगल और दो चारा काटने वाली मशीनें बरामद की हैं। साथ ही चोरी में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी भी जब्त की गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी है। इस सफल कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि किसानों की सुरक्षा और संपत्ति की रक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।
https://ift.tt/LFmnD6x
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply