उत्तर प्रदेश में विशेष गहन संशोधन यानी SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में कथित हेरफेर को लेकर समाजवादी पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा को ज्ञापन सौंपा है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष की ओर से दिए गए इस ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता फॉर्म-7 का दुरुपयोग कर सपा समर्थक मतदाताओं, विशेष रूप से पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक खासकर मुस्लिम समुदाय के लोगों के नाम मतदाता सूची से कटवाने की साजिश रच रहे हैं। यह शिकायत प्रदेश के कई जिलों से जुड़ी है, जहां बूथ स्तर पर नाम कटवाने के लिए बड़े पैमाने पर फॉर्म-7 जमा किए जा रहे हैं। ज्ञापन में विस्तार से विभिन्न जिलों की घटनाओं का जिक्र किया गया है। नाम कटवाने के लिए एक ही व्यक्ति ने जमा किए 10 फार्म ज्ञापन के अनुसार, फतेहपुर जिले की खागा विधानसभा के पोलिंग बूथ संख्या 335 पर 10 मतदाताओं- शकील अहमद, सैदुन निशा, तौशीफ अहमद, मोहम्मद हनीफ, निदा फातिमा, महमूदा बानो, आशमा, नुसरत जहां, कनीज और इशराह अहमद- के नाम काटने के लिए भाजपा समर्थक सूर्य प्रकाश ने फॉर्म-7 जमा किया है। ये सभी सपा समर्थक पीडीए और अल्पसंख्यक मतदाता हैं। इसी तरह, अयाहशाह विधानसभा के बूथ 209 पर तीन मतदाताओं- शायरा, शलीम और नफीशा- के नाम काटने के लिए भाजपा समर्थक विजय कुमार ने फॉर्म-7 दाखिल किया है। सपा का आरोप है कि यह सब सुनियोजित तरीके से हो रहा है। एक एक्स पोस्ट में भी खागा क्षेत्र से 70 से अधिक मुस्लिम मतदाताओं के नाम काटने की शिकायत की गई है। मथुरा जिले में बड़े पैमाने पर फर्जी फॉर्म भरने की शिकायत मथुरा की मांट विधानसभा के बूथ 93, 110, 111 और 112 पर 400 से अधिक फॉर्म-7 जमा किए गए हैं, जिसमें मतदाताओं के नाम और ईपिक नंबर प्रिंटेड हैं। इनका जमा बीएलओ और ईआरओ के पास किया गया है। विधानसभा के अन्य बूथों पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा फॉर्म-7 दाखिल किए गए हैं। बल्देव विधानसभा के बूथ 178, 180, 181, 400, 401, 402 आदि में बड़ी संख्या में फॉर्म-7 जमा हुए हैं, जहां भाजपा पदाधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर फर्जी बताए गए हैं। सभी प्रभावित मतदाता सपा समर्थक पीडीए और अल्पसंख्यक हैं। मऊ, अमेठी और जौनपुर में भी इसी तरह की शिकायत मऊ जिले की मोहम्मदाबाद गोहना विधानसभा के बूथ 209 और 211 पर सपा समर्थक मतदाताओं के नाम काटने के लिए प्रिंटेड फॉर्म-7 जमा किए गए हैं। भाजपा पदाधिकारी जिलाधिकारी और ईआरओ पर दबाव बना रहे हैं। अमेठी विधानसभा में ग्राम ठेकहा की बीएलओ राकेश कुमार मौर्य की पत्नी पर भाजपा जिलाध्यक्ष दबाव डाल रहे हैं। पब्लिक मीटिंग में उन्हें अपमानित किया गया और उनके पति से मारपीट हुई। जौनपुर की बदलापुर विधानसभा में अल्पसंख्यक और पीडीए मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटने की साजिश का आरोप है। बस्ती, भदोही, कासगंज, जालौन, गोण्डा, संभल जिले का भी जिक्र बस्ती जिले की सभी विधानसभाओं में फॉर्म-6, 7 और 8 की सूचियां सपा को उपलब्ध कराने की मांग की गई है। भदोही विधानसभा के कई बूथों (155, 163 आदि) में फॉर्म-7 जमा हुए हैं। ज्ञानपुर और औराई विधानसभाओं में भी यही स्थिति है। कासगंज की अमांपुर विधानसभा के लगभग सभी बूथों पर प्रिंटेड फॉर्म-7 जमा हैं। जालौन की उरई विधानसभा में बीएलओ अनिल कुमार पर 190 मुस्लिम मतदाताओं के नाम हटाने का दबाव है। गोण्डा की गौरा और तुलसीपुर विधानसभाओं में फॉर्म-7 जमा किए गए हैं, और बीएलओ से जबरन हस्ताक्षर कराए गए। संभल की असमोली विधानसभा के बूथ 307 में 256 मतदाताओं के नाम काटने के लिए फॉर्म-7 जमा हैं। फर्जी फार्म जमा करने वालों के खिलाफ हो कार्रवाई ज्ञापन में सपा की ओर से मांग की गई है कि फतेहपुर, मथुरा, मऊ, अमेठी, जौनपुर, बस्ती, भदोही, जालौन, कासगंज, संभल और गोण्डा सहित पूरे प्रदेश में जमा फॉर्म-7 को तत्काल निरस्त किया जाए। फर्जी फॉर्म जमा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो ताकि एसआईआर प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
https://ift.tt/Sk2I63p
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply