DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

आगरा कॉलेज में लगा रोजगार मेला:1400 छात्रों को मिला काम, हजारों छात्रों ने लिया भाग, उच्च शिक्षा मंत्री ने किया उद्घाटन

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और आगरा कॉलेज के संयुक्त आयोजन में नवनिर्मित आचार्य गंगाधर शास्त्री मंडपम परिसर में आयोजित एक दिवसीय मंडल स्तरीय वृहद रोजगार मेले में लगभग 1400 छात्रों को रोजगार मिलने की खुशखबरी मिली। इस निःशुल्क रोजगार मेले में आगरा मंडल के विभिन्न जिलों से हजारों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और निजी क्षेत्र की 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के माध्यम से सीधे साक्षात्कार दिए गए। रोजगार मेले में कुल लगभग 3200 खाली पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। मेले में छात्र-छात्राओं के लिए ₹8,000 से ₹40,500 तक मासिक वेतन वाले रोजगार अवसर उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने फीता काटकर और मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। NCC कैडेट्स ने उन्हें सलामी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने की, जबकि संचालन प्रो. शेफाली चतुर्वेदी ने किया। सेवायोजन विभाग के सहायक निदेशक चंद्रचूड़ दुबे ने बताया कि वर्ष 2020 से रोजगार मिशन के अंतर्गत इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है और अभ्यर्थियों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक दिनेश जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से रोजगार सृजन की मजबूत व्यवस्था बनी है, जिससे युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। मुख्य अतिथि मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि शिक्षा के साथ रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और प्रदेश सरकार “हर हाथ को रोजगार” के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मददगार हैं। इस अवसर पर समाजसेवी हितेश लवानिया ने आगरा कॉलेज को 5000 पौधे भेंट किए, जिनका वृक्षारोपण कॉलेज परिसर में शुरू कर दिया गया है। रोजगार मेले में सेवायोजन विभाग के अधिकारी, विभिन्न जिलों के रोजगार अधिकारी, आगरा कॉलेज के उप-प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


https://ift.tt/5cJtSp4

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *