प्रयागराज के फूलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना इफको चौकी के अंतर्गत सब्जी मंडी के सामने हुई, जब महिला का नकाब पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक में फंस गया। हादसे में बाइक चला रहा उसका भाई घायल हो गया, जबकि बाइक पर सवार दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए। मृतका की पहचान फूलपुर थाना क्षेत्र के अंसार नगर निवासी तबस्सुम बेगम (लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। तबस्सुम की शादी थरवई क्षेत्र के कुसुमपुर गारापुर निवासी मोहम्मद जमील से हुई थी। उनके चार बच्चे हैं। मोहम्मद जमील वर्तमान में सऊदी अरब में सलून का काम करते हैं। तबस्सुम करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके अंसार नगर आई थीं।
गुरुवार को तबस्सुम अपने भाई अख्तर और दो बेटियों के साथ बाइक से प्रयागराज शहर दवा लेने गई थीं। दोपहर करीब तीन बजे लौटते समय, जैसे ही वे फूलपुर सब्जी मंडी के सामने पहुंचे, पीछे से आ रहे सिलेंडर लदे एक तेज रफ्तार ट्रक में तबस्सुम का नकाब फंस गया। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठी तबस्सुम सड़क पर गिर गईं। वह सीधे ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे अख्तर और दोनों बच्चे बाइक समेत सड़क के बाईं ओर गिर पड़े। अख्तर को चोटें आईं, लेकिन दोनों बच्चे सुरक्षित बताए गए। घटना के तुरंत बाद, आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तबस्सुम को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। इफको चौकी प्रभारी सूर्यप्रकाश सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।
https://ift.tt/GU7RuVg
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply