DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सीतापुर में तालाब भूमि पर अवैध निर्माण, बुलडोजर चला:40 साल से अवैध कब्जा, न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई

सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर प्रशासन ने बड़ी बुलडोजर कार्रवाई करते हुए वर्षों पुराने अवैध कब्जों को हटाया है। यह कार्रवाई सदरपुर थाने के पास स्थित तालाब की भूमि पर की गई, जहां करीब 40 वर्षों से अवैध कब्जा बना हुआ था और वहां पक्के मकान निर्मित कर लिए गए थे। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। जानकारी के अनुसार तालाब की गाटा संख्या 379 पर रिजवान, फुरकान और इमरान पुत्र हसमत द्वारा लंबे समय से कब्जा किया गया था। इस भूमि को लेकर उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका (पीआईएल) दाखिल की गई थी, जिस पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने तालाब की भूमि को कब्जा मुक्त कराने के आदेश दिए थे। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जिला प्रशासन द्वारा यह सख्त कदम उठाया गया। गुरुवार को प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से अवैध रूप से बने मकानों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई से पहले स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन पुलिस ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित रखा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के आदेश के तहत की गई है। मौके पर क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव, तहसीलदार अनिल कुमार राम, नायब तहसीलदार राज बहादुर, लेखपाल सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र थाना सदरपुर के साथ-साथ थाना थानगांव और रामपुर मथुरा की पुलिस फोर्स भी तैनात की गई थी। अधिकारियों ने बताया कि तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर उसका सीमांकन कराया जाएगा, ताकि भविष्य में दोबारा कब्जा न हो सके। प्रशासन ने यह भी साफ किया कि सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में प्रशासनिक सख्ती को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।


https://ift.tt/hkg1Uly

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *