देवरिया में दीनानाथ पाण्डेय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 46वें वार्षिक क्रीड़ा समारोह का समापन हो गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी (सीओ) दीपशिखा वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि, प्राचार्य और अन्य प्राध्यापकों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार, क्रीड़ा प्रभारी डॉ. अनीता सिंह और डॉ. प्रतिमा गुप्ता ने मुख्य अतिथि का स्मृति चिन्ह, माल्यार्पण, अंगवस्त्र और कैप पहनाकर स्वागत किया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जिसके बाद प्राचार्य ने स्वागत भाषण दिया और छात्राओं को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। क्रीड़ा प्रभारी ने समारोह की विस्तृत आख्या प्रस्तुत की। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि दीपशिखा वर्मा ने कहा कि खेल व्यक्ति के भीतर अनुशासन, सद्भावना और आत्मविश्वास विकसित करते हैं, साथ ही एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे भावी समाज की पथप्रदर्शक हैं और खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती हैं। क्रीड़ा समारोह के द्वितीय दिवस की प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लंबी कूद में अंजू बरगाह प्रथम रहीं, जबकि ऊंची कूद में काजल चौहान ने पहला स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में ऋद्धि यादव और 400 मीटर दौड़ में काजल चौहान विजेता बनीं। खो-खो प्रतियोगिता में बीए तृतीय वर्ष की टीम ने जीत दर्ज की। ओवरऑल चैंपियन का खिताब काजल चौहान को मिला, वहीं ऋद्धि यादव और माला गोड़ संयुक्त रूप से उपविजेता रहीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुशील कुमार तिवारी ने किया। सभी प्रतियोगिताएं खेल प्रशिक्षक श्रीराम यादव के निर्देशन में संपन्न हुईं। इस अवसर पर डॉ. पंकज कुमार शुक्ल, डॉ. अनुपमा राय, डॉ. प्रफुल्ल कुमार राय, सावित्री, दिनेश कुमार रावत, परमात्मा प्रसाद वर्मा, राजेश यादव, पंकज पटेल और इन्द्रभूषण पाण्डेय सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
https://ift.tt/31NLH5Q
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply