DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मुरादाबाद में सब्जी मंडी पर बुलडोजर कार्रवाई का प्रयास:बिना लिखित आदेश पहुंची नगर निगम टीम, विरोध के बाद लौटना पड़ा

मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में श्मशान घाट के पास स्थित सब्जी मंडी में उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर निगम की टीम बिना किसी लिखित आदेश के बुलडोजर लेकर कार्रवाई करने पहुंची। आढ़त स्वामियों और स्थानीय लोगों के कड़े विरोध के चलते नगर निगम की टीम को बिना किसी कार्रवाई के वापस लौटना पड़ा। घटना के दौरान नगर निगम के कर्मचारी अचानक बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचे, जिससे आढ़त स्वामियों, दुकानदारों और किसानों में अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से मंडी परिसर में तनाव का माहौल बन गया। आढ़त स्वामियों का कहना है कि यह भूमि उनके पूर्वजों के समय से उनके कब्जे में है और यहां सौ वर्षों से अधिक समय से सब्जी मंडी का संचालन हो रहा है। वहीं, नगर निगम इस जमीन को अपनी संपत्ति बताते हुए पहले भी कई बार बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंच चुका है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निगम के कुछ अधिकारी निजी बातचीत में यह भी स्वीकार करते रहे हैं कि जमीन लंबे समय से आढ़त स्वामियों के परिवार के कब्जे में है। यह सब्जी मंडी हजारों परिवारों की आजीविका का मुख्य साधन है। यहां से प्रतिदिन करीब 500 ठेले वाले सब्जियां लेकर शहर के विभिन्न इलाकों में बिक्री के लिए जाते हैं, जबकि लगभग 1000 किसान अपनी उपज बेचने के लिए इसी मंडी में पहुंचते हैं। इसके अलावा 45 से 50 दुकानदार स्थायी रूप से यहां अपना व्यवसाय करते हैं। आरोप है कि नगर निगम की टीम अधूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंची थी और बिना किसी ठोस व लिखित आदेश के बुलडोजर चलाने का प्रयास किया। जब आढ़त स्वामियों और उनके परिजनों ने लिखित आदेश दिखाने की मांग की, तो अधिकारियों ने “ऊपर से आदेश” होने की बात कही, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। विरोध बढ़ता देख अंततः नगर निगम की टीम को बिना कोई कार्रवाई किए मौके से लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई को मनमाना करार देते हुए कहा कि बिना लिखित आदेश और स्पष्ट कानूनी प्रक्रिया के इस तरह की कार्रवाई न केवल गलत है, बल्कि हजारों लोगों की रोज़ी-रोटी पर सीधा हमला भी है।


https://ift.tt/mTJ4jqB

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *