सीतापुर में गुरुवार को निरीक्षण पर निकले जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. का काफिला ग्राम रोजहा में ग्रामीणों ने रोक लिया। उन्हें अपनी समस्याएं बताईं। अचानक काफिला रुकने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने ग्राम सचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए मनरेगा में बिना काम कराए मजदूरों की हाजिरी लगाए जाने की शिकायत की। ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही एलिया के खंड विकास अधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि मनरेगा के तहत कई कार्य कागजों में पूरे दिखा दिए गए हैं, जबकि धरातल पर काम नहीं कराया गया। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जांच में यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के उपरांत जिलाधिकारी आदर्श तहसील महोली पहुंचे, जहां उन्होंने तहसील परिसर में निर्माणाधीन उप निबंधक कार्यालय महोली के भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन निर्माण में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का ही प्रयोग किया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पिलर निर्माण के बाद सरिया बाहर दिखाई न दे। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने भवन के अंदर बनाए जा रहे शौचालयों का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई व उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग द्वारा ग्राम रोजहा, पोस्ट धौरेमऊ, विकासखंड एलिया में स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इंटरलॉकिंग और सोलर लाइट जैसे कार्यों में प्रकाश व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और जल्द से जल्द प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कर सभी कार्य पूर्ण कर हैंडओवर करने के निर्देश दिए।
https://ift.tt/mwzk1Lq
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply