DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

जालौन में अंत्येष्टि के दौरान मधुमक्खियों का हमला:50 से अधिक ग्रामीण घायल, श्मशान घाट में अफरा-तफरी

जालौन जिले के कदौरा विकासखंड अंतर्गत महमूद नगर डाले का पुरवा बड़ा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बुजुर्ग की अंत्येष्टि के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन से अधिक ग्रामीण बेहोश हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। घायलों को कदौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जिनका इलाज किया जा रहा है, वहीं कई घायल अभी भी गांव में अपना इलाज कर रहे हैं। महमूद नगर डाले का पुरवा बड़ा गांव निवासी वीर सिंह (78 वर्ष) बुधवार को निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवारजन और ग्रामीण गुरुवार की दोपहर शव को गांव में श्मशान घाट की जगह पर ले गए थे। जैसे ही शव श्मशान घाट की जगह पर पहुंचा और अंत्येष्टि की तैयारी शुरू हुई, तभी अचानक पास में मौजूद मधुमक्खियों के झुंड ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के इस हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई। हमले में वीर सिंह के बड़े पुत्र चंद्रशेखर उर्फ चंदू, धीरू, नेता, देवी चरण, विजय शर्मा सहित करीब 35 से 40 लोग सीधे तौर पर मधुमक्खियों की चपेट में आ गए। मधुमक्खियों ने लोगों को बेरहमी से काट लिया, जिससे कई ग्रामीणों के चेहरे, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर सूजन आ गई। अचानक हुए हमले से घबराए ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि लोग शव को श्मशान घाट में ही छोड़कर वहां से भागने को मजबूर हो गए। मधुमक्खियों के हमले के कारण अब तक अंत्येष्टि की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। घायल ग्रामीण दर्द से कराहते रहे, वहीं कुछ लोगों की हालत बिगड़ने पर वे मौके पर ही बेहोश हो गए। जिन्हें आनन फानन में कदौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।


https://ift.tt/qpiT3bP

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *