इटावा के निवाड़ी कलां में आंगनवाड़ी भवन निर्माण में घटिया ईंटों के इस्तेमाल की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। अब निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। ब्लॉक महेवा की ग्राम पंचायत निवाड़ी कलां स्थित कन्या जूनियर विद्यालय में बन रहे आंगनवाड़ी भवन में खराब गुणवत्ता की ईंटों के प्रयोग को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से उजागर किया था। खबर छपते ही अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की। इस संबंध में पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि धीरज सिंह ने बताया कि यह मामला छोटे बच्चों के भविष्य और सुरक्षा से जुड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य पूरी तरह मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। ब्लॉक महेवा के खंड विकास अधिकारी बृज बिहारी त्रिपाठी ने भी इस पर संज्ञान लेते हुए कहा कि आंगनवाड़ी भवन के निर्माण में मानक विहीन सामग्री का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि खराब गुणवत्ता वाली ईंटों को तुरंत हटाकर अच्छी गुणवत्ता की ईंटें लगवाई जा रही हैं। दैनिक भास्कर की खबर के बाद हुई इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष का माहौल है। ग्रामीणों ने दैनिक भास्कर के प्रयासों और प्रशासन की तत्परता की सराहना की है।
https://ift.tt/9du73UW
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply