DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

संभल में महिला को बंधक बनाकर घर में लूट:तीन बदमाश 15 हजार नकद, लाखों के जेवरात ले गए

संभल में अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर अकेली सो रही बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की और उसे बंधक बना लिया। बदमाश घर से 15 हजार रुपये नकद सहित लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर ले गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उक्त घटना जनपद संभल के रजपुरा क्षेत्र स्थित सेमरी गांव में देर रात हुई। गांव के बाहरी छोर पर सीताराम का मकान है, जहां उनकी पत्नी कैलाशो देवी (बुजुर्ग महिला) अकेली सो रही थीं। रात करीब एक बजे तीन अज्ञात बदमाश घर में घुस आए। उन्होंने चारपाई पर सो रही कैलाशो देवी को दबोच लिया और चुप रहने की धमकी दी। कैलाशो देवी ने लूटपाट का विरोध करते हुए शोर मचाने का प्रयास किया। इस पर बदमाशों ने उनके मुंह में पन्नी ठूंस दी और नाक बंद कर दी। बदमाशों ने कैलाशो देवी के साथ मारपीट भी की।
इसके बाद बदमाशों ने कैलाशो देवी को उनकी धोती से चारपाई पर बांध दिया। बदमाशों ने घंटों तक घर में अलमारी और संदूक खंगाले। लूटपाट के दौरान बदमाश घर में रखी 15 हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। कैलाशो देवी ने बताया कि बदमाश लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर रजपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना पुलिस के अनुसार, घटना के खुलासे के लिए एक टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।


https://ift.tt/YdyLUrn

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *