बाराबंकी के रामनगर स्थित सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम में फाल्गुनी मेले के दौरान शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु कंधों पर कांवड़ धारण कर ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ धाम पहुंच रहे हैं और भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक कर रहे हैं। फाल्गुनी मेले और महाशिवरात्रि के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस, प्रशासन, राजस्व विभाग एवं ब्लॉक स्तर के कर्मचारियों की व्यापक तैनाती की गई है। साथ ही, आज से 16 फरवरी तक यातायात व्यवस्था में परिवर्तन करते हुए विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है, ताकि मेला क्षेत्र में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्रशासन द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार, लखनऊ व बाराबंकी से गोंडा जाने वाले वाहन अयोध्या मार्ग से भेजे जा रहे हैं। वहीं, बहराइच और गोंडा से लखनऊ आने वाले भारी वाहनों को चहलारी घाट व रेउसा के रास्ते डायवर्ट किया गया है। हल्के वाहनों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में, जनपद लखनऊ के थाना काकोरी क्षेत्र के ग्राम रोटावाद सहित अन्य गांवों से 75 शिवभक्तों का एक बड़ा जत्था लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचा। इन श्रद्धालुओं ने तीन दिवसीय पैदल कांवड़ यात्रा कर धाम में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। यात्रा का नेतृत्व अयोध्या पाल महंत जी, उनके शिष्य राजूपाल चेला, रामकुमार पाल और जगत राम यादव सहित अन्य वरिष्ठ श्रद्धालुओं ने किया। श्रद्धालुओं ने बताया कि यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला। लोधेश्वर धाम पहुंचकर सभी शिवभक्तों ने परिवार, क्षेत्र और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। फाल्गुनी मेला क्षेत्र में इन दिनों भक्ति, आस्था और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
https://ift.tt/Rw0KoYB
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply