उन्नाव के मगरवारा क्रॉसिंग के पास बुधवार रात एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नैकानी खेड़ा, पोस्ट देवरा कला निवासी राहुल चौहान (पुत्र मुलुक राज) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, राहुल बुधवार शाम अपने दोस्तों के साथ मैच खेलने गया था। मैच के बाद वह मगरवारा की ओर लौट रहा था। इसी दौरान मगरवारा क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की तेज रफ्तार के कारण राहुल संभल नहीं पाया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को कुछ समझने का मौका नहीं मिला। ट्रेन गुजरने के बाद जब लोगों ने युवक को ट्रैक के पास पड़ा देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया। कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए। राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। राहुल अपने चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। परिवार में उसके दो भाई और दो बहनें हैं। वह घर का एक जिम्मेदार सदस्य माना जाता था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने बुधवार रात आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां गमगीन माहौल था। परिजनों ने कहा कि अगर राहुल कुछ मिनट रुक जाता तो यह हादसा टल सकता था। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
https://ift.tt/cr5QpZ2
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply